वाराणसी (रणभेरी): बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव, जाम सीवर और नालियों की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई है। सपा के प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता राजू यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर में जल निकासी, सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
सपा नेताओं का कहना है कि बारिश के बाद वाराणसी के कई वार्डों और मोहल्लों में सड़कों, गलियों तथा रिहायशी इलाकों में पानी जमा है। कई स्थानों पर सीवर और नालियां चोक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ज्ञापन के माध्यम से नगर निगम से मांग की गई कि जलभराव वाले इलाकों को चिह्नित कर वहां तत्काल पंप लगाकर पानी की निकासी कराई जाए। इसके साथ ही बंद पड़े सीवर और नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए। सपा कार्यकर्ताओं ने सीवर सफाई के लिए आधुनिक जेटिंग मशीनों का पर्याप्त इस्तेमाल करने की मांग भी उठाई।
हर वार्ड में फॉगिंग और एंटी लार्वा अभियान की मांग
राजू यादव ने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए केवल जल निकासी पर्याप्त नहीं है। नगर के सभी वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग कराए जाने के साथ जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव जरूरी है। उन्होंने मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए विशेष अभियान चलाने की मांग की।
ज्ञापन में सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी मजबूत करने की बात कही गई। सपा की ओर से मांग की गई कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य मच्छर जनित बीमारियों की जांच के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सकों और बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएं।

स्कूलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर
सपा नेताओं ने शहर के स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की। इन स्थानों पर जलभराव की स्थिति समाप्त करने के साथ नियमित फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने पर जोर दिया गया।
राजू यादव ने कहा कि वाराणसी धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से देश-दुनिया में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की साफ-सफाई, जल निकासी और स्वास्थ्य व्यवस्था को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव, सफाई और मच्छर नियंत्रण जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन की मौजूदा व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को हर साल बारिश के दौरान पैदा होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए स्थायी कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए, ताकि समस्या सामने आने के बाद आनन-फानन में इंतजाम करने की जरूरत न पड़े।
वार्ड स्तर पर निगरानी की मांग
सपा की ओर से यह भी मांग रखी गई कि प्रत्येक वार्ड में जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में जल निकासी, सीवर सफाई, फॉगिंग और स्वच्छता व्यवस्था की नियमित समीक्षा हो। जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर वहां पहले से आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने की बात भी ज्ञापन में कही गई।
राजू यादव ने कहा कि यदि समय रहते जलभराव और मच्छरों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बीमारी का खतरा और बढ़ सकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और शहर की जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी जनसमस्याओं को लेकर व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
ये रहे मौजूद
नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपने के दौरान राजू यादव एडवोकेट के अलावा हारून अंसारी, शंकर विशनानी, अतुल श्रीवास्तव, विकास यादव बच्चा, रमाकांत जायसवाल, मनोज यादव, संतोष यादव, अंजनी पटेल, सूरज यादव, नीलू भंडारी, विजय वाधवानी, आशीष श्रीवास्तव, शान केशरी, राहुल यादव समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
