लव जिहाद के आरोपों के बीच कार्रवाई: युवती की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच, परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी खंगाली जा रही
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी सिगरा थाना क्षेत्र में एक युवती की शिकायत पर कथित तौर पर धार्मिक पहचान छिपाकर विवाह करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने अपनी पहचान बदलकर उससे संपर्क किया और बाद में विवाह कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिवपुरम कॉलोनी, छितूपुर निवासी युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि सलमान नाम के युवक ने खुद को ‘सन्नी सिंह’ बताकर उससे जान-पहचान बढ़ाई। पीड़िता के अनुसार, दोनों के बीच संबंध बनने के बाद विवाह हुआ। आरोप है कि शादी के बाद युवक की वास्तविक पहचान सामने आई और इसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने सिगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पीड़िता ने आरोपी के परिवार के कुछ अन्य सदस्यों पर भी मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
