मनबढ़ों ने अधिवक्ता पर किया जानलेवा हमला

मनबढ़ों ने अधिवक्ता पर किया जानलेवा हमला
  • लोहटिया में लोहे के औजारों से पीटने का आरोप
  • गाड़ी रोककर की गई गाली-गलौज, विरोध करने पर किया मारपीट
  • अस्पताल में चल रहा इलाज, केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग

वाराणसी (रणभेरी): शहर के लोहटिया इलाके में अधिवक्ता विशाल सेठ के साथ मनबढ़ों द्वारा मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। अधिवक्ता ने कुछ मनबढ़ों पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और लोहे के औजारों व धारदार वस्तुओं से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में घायल विशाल सेठ का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अधिवक्ता विशाल सेठ के मुताबिक, घटना दो दिन पहले की रात करीब 9:45 बजे की है। वह अपनी गाड़ी से जा रहे थे, तभी लोहटिया इलाके में कुछ मनबढ़ों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि इस दौरान उनकी गाड़ी की चाबी भी निकाल ली गई, जिससे उनके लिए मौके से निकलना मुश्किल हो गया।

मनबढ़ों ने अधिवक्ता पर किया जानलेवा हमला

विशाल के मुताबिक, विवाद के बीच कुछ और लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू अग्रहरि भी कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कहासुनी बढ़ी और कुछ लोगों ने लोहे के सामान तथा धारदार वस्तुओं से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं है। अधिवक्ता ने बताया कि पुलिस उन्हें बचाकर थाने ले गई, जहां देर रात मारपीट के आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।

विशाल सेठ ने दूसरे पक्ष पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि चौकी पहुंचकर उनके खिलाफ तहरीर दी गई और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की गई। उन्होंने पुलिस से दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्षता से जांच करने की मांग की है। अधिवक्ता ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने चिकित्सकीय जांच कराई और फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने की मांग की। उनका कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *