वाराणसी (रणभेरी): रामनगर के पंचवटी मैदान में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रामलीला के लिए लाया गया एक हाथी अचानक उग्र हो गया। हाथी ने मैदान से बाहर निकलकर सड़क पर दौड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने सूंड से सामान उठाकर फेंका और रास्ते में आने वाली दुकानों, दीवारों तथा अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचाया। हाथी के अचानक आक्रामक होने से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
चारा देने के दौरान भड़का हाथी
जानकारी के मुताबिक, हाथी का नाम छापलू है और उसे आजमगढ़ से वाराणसी लाया गया था। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे महावत उसे चारा देने जा रहा था। इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया। उसने पहले महावत को धक्का दिया और फिर सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। घटना में महावत के सिर, सीने और पैरों में चोटें आई हैं।

सड़क पर दौड़ते हुए पेड़ और बिजली के खंभे उखाड़े
मैदान से निकलने के बाद हाथी सड़क की ओर भागा और रास्ते में जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने कई जगह नुकसान पहुंचाया और पेड़ व बिजली के खंभे भी उखाड़ दिए। हाथी को अपनी ओर आता देख लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर जान बचाई।

पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई। लोगों को पंचवटी रोड की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है। हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में करने के लिए संबंधित बचाव दलों और अन्य कर्मियों को लगाया गया है।
घायल महावत का अस्पताल में इलाज जारी
महावत छापलू आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के बैरामपुर गांव का निवासी बताया गया है। उसके भतीजे नौशाद के अनुसार, चारा देने के दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और महावत पर हमला कर दिया। घायल महावत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों की टीम इलाज में जुटी है।

रामलीला से जुड़ा है पंचवटी मैदान
रामनगर का पंचवटी मैदान रामलीला आयोजन से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। यहां रामलीला में शामिल होने वाले हाथियों को रखा जाता है। काशीराज परिवार के सदस्य भी रामलीला देखने के लिए यहां आते हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
