वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के पांडेपुर स्थित सुधाकर महिला इंटरमीडिएट कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, एंटी रोमियो अभियान तथा साइबर अपराध से बचने के जरूरी उपाय बताए गए।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उन्हें आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी। टीम ने साइबर ठगी से बचाव को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, पासवर्ड या निजी विवरण साझा न करें।

पुलिस टीम ने छात्राओं को संदिग्ध मैसेज और लिंक से सावधान रहने तथा बिना जांच-पड़ताल के किसी लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी। सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सतर्कता बरतने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में डरकर चुप न रहें और तत्काल पुलिस की सहायता लें। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति सजग करना रहा।
