वाराणसी: विसर्जन कुंड छोटा होने पर भड़के आयोजक, मौके पर पहुंची पुलिस

वाराणसी: विसर्जन कुंड छोटा होने पर भड़के आयोजक, मौके पर पहुंची पुलिस

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के कूड़ाखाना स्थित अस्थायी मूर्ति विसर्जन कुंड पर सोमवार देर शाम उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब माता सरस्वती की एक बड़ी प्रतिमा के विसर्जन को लेकर आयोजकों और प्रशासन के बीच मतभेद उत्पन्न हो गया। प्रतिमा विसर्जन से इनकार करते हुए आयोजकों ने मौके पर नारेबाजी शुरू कर दी और धरने पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

आयोजकों का कहना था कि प्रशासन द्वारा बनाया गया अस्थायी विसर्जन कुंड उनकी प्रतिमा के अनुपात में छोटा है। उनका आरोप था कि इतनी बड़ी मूर्ति का विसर्जन इस कुंड में करना न तो सुरक्षित है और न ही श्रद्धा के अनुरूप। इसी बात को लेकर करीब 10 से 15 मिनट तक माहौल गर्म रहा। हालांकि इस दौरान अन्य समितियों की छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी रहा।

वाराणसी: विसर्जन कुंड छोटा होने पर भड़के आयोजक, मौके पर पहुंची पुलिस

स्थिति की नजाकत को देखते हुए भेलूपुर सर्किल के अंतर्गत आने वाले सभी चौकी प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संयम और धैर्य के साथ आयोजकों से संवाद किया और सुरक्षा मानकों व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद आयोजक मान गए, जिसके बाद बड़ी प्रतिमा का भी शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन कराया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो सकी।

वाराणसी: विसर्जन कुंड छोटा होने पर भड़के आयोजक, मौके पर पहुंची पुलिस

उधर, शहर के अन्य इलाकों में माता सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। देर रात तक श्रद्धालु डीजे की धुन पर झूमते नजर आए और सड़कों पर उत्सव का माहौल बना रहा। हालांकि तेज आवाज वाले डीजे को लेकर स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने नाराजगी भी जताई। उनका कहना था कि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है और प्रशासन को इस पर सख्ती दिखानी चाहिए।

फिलहाल पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान नियमों का पालन करें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *