नितिन नवीन का Gen-Z से संवाद: बोले- युवाओं को Alpha-Beta में मत बांटिए, भारत युवा शक्ति का देश

नितिन नवीन का Gen-Z से संवाद: बोले- युवाओं को Alpha-Beta में मत बांटिए, भारत युवा शक्ति का देश

काशी में भाजपा अध्यक्ष ने छात्रों के सवालों के दिए जवाब; बोले- भारत जल्द बनेगा AI का हब, यूपी की पहचान अब एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर से

वाराणसी (रणभेरी): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को वाराणसी स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में युवाओं से संवाद किया। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े छात्र-छात्राओं ने उनसे करियर, डिजिटल मीडिया, रोजगार और देश के भविष्य को लेकर सवाल पूछे। करीब 12 विद्यार्थियों ने संवाद के दौरान अपनी जिज्ञासाएं राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखीं।

युवाओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि आज की पीढ़ी को अलग-अलग नामों से बांटने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले भी किशोर और युवा होते थे और आज भी युवा उसी तरह देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भारत को उन्होंने युवाओं का देश बताते हुए कहा कि देश के संसाधनों और अवसरों पर सबसे पहले भारतीय युवाओं का अधिकार होना चाहिए।

नितिन नवीन का Gen-Z से संवाद: बोले- युवाओं को Alpha-Beta में मत बांटिए, भारत युवा शक्ति का देश
नितिन नवीन का Gen-Z से संवाद: बोले- युवाओं को Alpha-Beta में मत बांटिए, भारत युवा शक्ति का देश

‘विदेशी घुसपैठियों को युवाओं का हक नहीं देंगे’

नितिन नवीन ने कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है। उनका कहना था कि जिस राज्य के लोग हैं, उन्हें वहां प्राथमिकता मिलनी चाहिए। बिहार के लोगों को बिहार में और उत्तर प्रदेश के युवाओं को यूपी में अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश से आने वाले घुसपैठियों को संरक्षण देने की कोशिशें हो रही हैं और भारतीय युवाओं के हिस्से का अधिकार उन्हें नहीं दिया जा सकता।

भारत जल्द बनेगा AI का बड़ा केंद्र

करियर से जुड़े सवालों के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की संभावनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में AI को लेकर बड़े स्तर पर निवेश हो रहा है और आने वाले समय में भारत इस तकनीक का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने युवाओं से बदलते दौर के अनुरूप नई तकनीकों को समझने और उनमें कौशल विकसित करने का आह्वान किया।

नितिन नवीन का Gen-Z से संवाद: बोले- युवाओं को Alpha-Beta में मत बांटिए, भारत युवा शक्ति का देश

यूपी की बदली तस्वीर का किया जिक्र

नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहचान अब केवल अपराध और माफिया के संदर्भ में नहीं होती। उन्होंने एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को प्रदेश में बदलते विकास का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि डिफेंस सेक्टर से जुड़ी परियोजनाओं में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। उनका दावा था कि पहले युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल गलत गतिविधियों में होता था, लेकिन मौजूदा समय में उन्हें शिक्षा, कानून और नए रोजगार क्षेत्रों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

छात्रा ने पूछा- कंटेंट क्रिएटर्स के लिए क्या योजना?

युवा संवाद के दौरान एक छात्रा ने डिजिटल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन को लेकर सवाल किया। उसने पूछा कि आज बड़ी संख्या में युवा कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल उद्यमिता को करियर के रूप में चुन रहे हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल एंटरप्रेन्योर्स के लिए प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता की क्या योजनाएं हैं?

नितिन नवीन ने युवाओं के ऐसे नए करियर विकल्पों को बदलते समय की जरूरत बताते हुए सरकार की नीतियों और अवसरों पर चर्चा की।

घोटालों को लेकर विपक्ष पर निशाना

भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2013 में अमेरिका यात्रा के दौरान वहां के कुछ लोगों ने भारत में लगातार सामने आने वाले घोटालों को लेकर उनसे सवाल किए थे। नितिन नवीन ने दावा किया कि पिछले करीब 12 वर्षों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सामने विपक्ष विकास के मुद्दे पर प्रभावी चुनौती नहीं खड़ी कर सका है। उन्होंने कहा कि नया भारत किस दिशा में आगे बढ़ रहा है, यह युवाओं को समझना चाहिए और देश के विकास में अपनी भूमिका तय करनी चाहिए।

राहुल गांधी और विपक्ष पर भी साधा निशाना

काशी पहुंचने से पहले नितिन नवीन ने बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने विपक्ष और राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने विपक्ष पर समाज में विभाजन और तनाव पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता विपक्ष की राजनीति को देख रही है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि इस तरह की राजनीति का असर देश के युवाओं के अधिकारों पर नहीं पड़ना चाहिए।

पंकज चौधरी बोले- प्रदेश में विकास को मिली रफ्तार

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक और विकास की दिशा में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने दंगों की राजनीति को नकारते हुए विकास को प्राथमिकता दी।

कार्यक्रम में काशी विद्यापीठ की मास कम्युनिकेशन की गोल्ड मेडलिस्ट निशा सिंह को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मंच पर स्थान दिया गया। इसके बाद नितिन नवीन ने विद्यार्थियों के सवाल सुने और कम समय में सभी प्रश्नों का जवाब देने की कोशिश की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *