वाराणसी (रणभेरी): चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में शुक्रवार देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर, भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों में नाराजगी फैल गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमाओं के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद चोलापुर और सारनाथ थानों की पुलिस भी अतिरिक्त बल के साथ गांव पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
स्थिति को देखते हुए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले में राजकुमार भारती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव में लोगों के साथ बैठक कर उनसे बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर नई प्रतिमाएं जल्द स्थापित कराई जाएंगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने संयम बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की बात कही।
ग्रामीण बच्चेलाल गौतम, पन्नालाल गौतम, बांसराज गौतम, राजकुमार गौतम, दुर्गा देवी, शीला, मलाकी देवी, निर्मला, राम आश्रय प्रसाद, जीउत राम और राजनारायण समेत बड़ी संख्या में लोगों ने प्रशासन से मांग की कि नई प्रतिमाओं की स्थापना शीघ्र कराई जाए तथा घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मौके पर चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम और सारनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी अपनी-अपनी पुलिस टीम के साथ देर तक मौजूद रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
