वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में सीवर और जलजमाव की समस्या को लेकर शनिवार सुबह स्थानीय लोगों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। खोजवा पुस्तकालय गली से गुरुधाम राम मंदिर तक लंबे समय से बनी समस्या के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने दाहाचौक तिराहे से गुरुधाम और कश्मीरीगंज से गुरुधाम जाने वाले दोनों मार्गों पर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सीवर चोक होने के कारण गंदा पानी लगातार गलियों और सड़कों पर जमा रहता है। बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।

लोगों ने कहा- हर साल यही हाल, स्थायी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों के मुताबिक, खोजवा पुस्तकालय गली और आसपास के इलाकों में सीवर की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। सीवर चोक होने के बाद जलनिकासी व्यवस्था ठप हो जाती है और गंदा पानी रास्तों पर जमा हो जाता है।
लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार अस्थायी राहत देकर मामला शांत कर दिया जाता है। स्थायी समाधान नहीं होने के कारण हर बारिश में उन्हें दोबारा इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जलजमाव के कारण घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। गंदे पानी के बीच से बच्चों को स्कूल भेजना पड़ता है। बुजुर्गों और महिलाओं को भी काफी परेशानी होती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से इलाके में गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी रहती है।
जलकल जीएम को धरने पर बैठाया
आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचे जलकल विभाग के जीएम को भी अपने बीच बैठा लिया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि केवल आश्वासन से अब काम नहीं चलेगा। सीवर और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई।
विधायक पहुंचे, लगे ‘मुर्दाबाद’ के नारे
धरने की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। विधायक के पहुंचते ही कुछ लोगों ने उनके खिलाफ ‘विधायक मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।विधायक ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद वह स्थानीय लोगों के साथ गली में बैठ गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर सीवर और जलजमाव की समस्या के समाधान के संबंध में जानकारी ली। विधायक ने लोगों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पीएम जनसंपर्क कार्यालय की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी
धरने के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और मौके की स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्या अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। उनका कहना है कि जलजमाव से स्थायी निजात और सीवर व्यवस्था दुरुस्त होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
