वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गिट्टी से लदे डंपर की चपेट में आने से एक खलासी की जान चली गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और जमकर हंगामा किया। लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रकों से अक्सर अवैध वसूली की जाती है, और इसी के चलते अफरा-तफरी में यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं डंपर को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, घटना चिरईगांव इलाके में हुई। मृतक की पहचान सोनभद्र जिले के घोरावल तहसील निवासी 18 वर्षीय युवक के रूप में हुई है, जो डंपर पर खलासी का काम करता था। बताया जा रहा है कि डंपर नो-एंट्री जोन में प्रवेश कर गया था, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोककर पीछे करने को कहा। इसी दौरान खलासी नीचे उतरकर वाहन को पीछे कराने में मदद कर रहा था, तभी वह अचानक डंपर के पहिए के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों द्वारा पैसे की मांग को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बनी, जिसके बीच यह हादसा हुआ। हालांकि, थाना प्रभारी ने इन आरोपों पर कहा कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और यदि कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
