काशी में 150 करोड़ से बना अरविंद मिल्स का प्लांट शुरू, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

काशी में 150 करोड़ से बना अरविंद मिल्स का प्लांट शुरू, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

प्रधानमंत्री मोदी ने मिर्जामुराद के खोचवां में किया शुभारंभ, 300 से अधिक महिलाओं को मिला प्रशिक्षण का अवसर

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में अरविंद मिल्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 7-8 एकड़ में बने इस प्लांट से पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। खास बात यह है कि यूनिट में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने प्लांट के शुभारंभ के बाद वहां कार्य का प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनके काम, अनुभव और कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से यहां तैयार किए जा रहे कपड़ों, उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और खादी के वस्त्रों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री ने अरविंद मिल्स की ओर से लगाए गए उत्पादों के प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन भी किया।

काशी में 150 करोड़ से बना अरविंद मिल्स का प्लांट शुरू, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

स्पोर्ट्स वियर से लेकर अंडरगारमेंट तक का होगा उत्पादन

पूर्वांचल में अरविंद मिल्स का यह पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। यहां स्पोर्ट्स वियर, अंडरगारमेंट समेत विभिन्न प्रकार के परिधानों का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी के जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांडों के लिए भी यहां निर्माण कार्य होगा। प्लांट के आगामी दो चरणों में विस्तार की योजना है।

इसके पूरा होने के बाद रोजगार के अवसरों में और वृद्धि होने की उम्मीद है।इस औद्योगिक इकाई से वाराणसी सहित पूर्वांचल के लोगों को रोजगार मिलने का रास्ता खुलेगा। स्थानीय महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता दिए जाने से उन्हें अपने क्षेत्र में ही रोजगार और कौशल विकास का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं कपड़ा एवं परिधान निर्माण से जुड़ी तकनीकी दक्षता हासिल कर सकेंगी।

1931 में हुई थी कंपनी की शुरुआत

अरविंद लिमिटेड, जिसे अरविंद मिल्स के नाम से भी जाना जाता है, की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी। गुजरात के अहमदाबाद स्थित मुख्यालय वाली यह कंपनी कपड़ा उद्योग की प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी डेनिम, सूती और लिनेन के कपड़ों के साथ विभिन्न प्रकार के फैब्रिक, तैयार परिधान और औद्योगिक उपयोग के विशेष वस्त्रों के कारोबार से जुड़ी है।

इसके उत्पाद घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिधान ब्रांडों तक पहुंचते हैं।वाराणसी में इस प्लांट की शुरुआत को पूर्वांचल में कपड़ा एवं परिधान निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावनाएं हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *