नमो घाट पर 25 अक्टूबर को दिखेगा वायुसेना का हवाई कौशल

नमो घाट पर 25 अक्टूबर को दिखेगा वायुसेना का हवाई कौशल

वाराणसी (रणभेरी): गंगा किनारे नमो घाट 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के रोमांचक हवाई प्रदर्शन का गवाह बनेगा। यहां ‘इंडियन एयर फोर्स एरियल डिस्प्ले-2026’ का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान आसमान में वायुसेना के विमान अपने कौशल, सटीकता और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करेंगे।

इस आयोजन के जरिए मध्य वायु कमान की लंबी और गौरवशाली सेवा यात्रा को भी सामने रखा जाएगा। छह दशक से अधिक की अपनी विरासत में मध्य वायु कमान ने देश के कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में भूमिका निभाई है।

वायुसेना के अनुसार, 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्धों के अलावा मालदीव में चलाए गए ऑपरेशन कैक्टस और कारगिल संघर्ष के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर में भी कमान का योगदान रहा है।

सिर्फ सैन्य अभियानों तक सीमित नहीं, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं और मानवीय जरूरतों के समय भी वायुसेना के विमानों और जवानों ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। बाढ़ राहत, चिकित्सा निकासी और आपदा राहत जैसे अभियानों में उनकी भूमिका रही है।

युवाओं को वायुसेना से जोड़ने का प्रयास

नमो घाट पर होने वाला यह कार्यक्रम आम लोगों के साथ विशेष रूप से युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसका उद्देश्य लोगों को भारतीय वायुसेना की कार्यक्षमता, तकनीक, अनुशासन और सेवा भावना से परिचित कराना भी है।

कार्यक्रम को लेकर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग और सुरक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आयोजन के नजदीक जारी किए जाएंगे। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से आधिकारिक जानकारी के माध्यम से व्यवस्थाओं की सूचना दी जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *