वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में जमुई की नाबालिग छात्रा के साथ हुई कथित बर्बरता के विरोध में ऑल इंडिया प्रोग्रेसिव वूमेंस एसोसिएशन (ऐपवा) ने बुधवार को प्रदर्शन किया। रवींद्रपुरी स्थित बाबा साहब की प्रतिमा के पास आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
ऐपवा की प्रदेश सचिव कुसुम वर्मा ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर किसी छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की घटना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

ऐपवा की रोजा मैथ्यू ने घटना को लेकर सामने आए नेताओं के बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी लड़की को सार्वजनिक जगह पर रोकना, घेरना या उसके साथ अभद्र व्यवहार करना कानून के दायरे में अपराध है।
जिला सचिव स्मिता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावों के साथ धरातल पर भी प्रभावी व्यवस्था नजर आनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान ऐपवा कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
