बिना मान्यता चल रहे 18 विद्यालय बंद

बिना मान्यता चल रहे 18 विद्यालय बंद

6 स्कूलों को नोटिस, कई संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं की कमी उजागर

वाराणसी (रणभेरी)। बिना मान्यता संचालित हो रहे निजी स्कूलों के खिलाफ जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच अभियान के तहत जिले में 24 विद्यालय चिन्हित किए गए, जिनमें से 18 स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया, जबकि छह विद्यालयों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

कार्रवाई के बाद निजी स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है। शिक्षा विभाग के अनुसार, जांच में पाया गया कि कई स्कूल बिना वैध मान्यता और अनुमति के संचालित हो रहे थे। कुछ संस्थानों ने न तो बेसिक शिक्षा विभाग से स्वीकृति ली थी और न ही माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्धता प्राप्त की थी, फिर भी वे छात्रों का प्रवेश लेकर कक्षाएं चला रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया कि कई विद्यालय आरटीई अधिनियम के मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे। शुद्ध पेयजल, शौचालय, खेल मैदान और पर्याप्त कक्षाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पाई गई। इसके अलावा कई स्कूलों में कार्यरत शिक्षक आवश्यक शैक्षणिक योग्यता जैसे टीईटी, बीएड और बीटीसी से वंचित थे। अधिकारियों ने बताया कि कुछ संस्थान एक मान्यता प्राप्त स्कूल के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर अवैध शाखाएं चला रहे थे। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए कार्रवाई की गई है।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों का प्रवेश कराने से पहले स्कूल की मान्यता, यूडीआईएसई कोड और अन्य दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे विद्यालयों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *