खाद्य आपूर्ति विभाग की छापेमारी में 12 सिलेंडर बरामद
वाराणसी (रणभेरी)। जंसा थाना क्षेत्र स्थित नैपूरा गेट के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्कूल ड्रेस की दुकान में अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने छापा मार दिया। दोपहर करीब 12 बजे हुई इस कार्रवाई में मौके से 12 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, टीम के पहुंचने से पहले ही दुकान का एक कर्मचारी गेट बंद कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मुखबिर के जरिए मिली थी, जिसके बाद जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी गुलाब यादव के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम जब दुकान में प्रवेश करने पहुंची तो अंदर से दरवाजा बंद कर दिया गया। इसके बाद एसडीएम राजातालाब को सूचित किया गया, जिन्होंने नायब तहसीलदार दीपाली मौर्य और जंसा थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। काफी देर तक चले हंगामे और बहस के बाद दुकान मालिक अभिषेक मिश्रा मौके पर पहुंचे, तब जाकर टीम अंदर प्रवेश कर सकी। अधिकारियों ने बरामद सिलेंडरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
