गाजियाबाद में सनसनी : घरेलू विवाद में पत्नी ने पति की काटी जीभ, हालत गंभी

गाजियाबाद में सनसनी : घरेलू विवाद में पत्नी ने पति की काटी जीभ, हालत गंभी

शराब, सोशल मीडिया और भोजन को लेकर तनाव बना हिंसा की वजह

(रणभेरी) : गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र से सामने आई एक घटना ने न सिर्फ़ रिश्तों की जटिलता उजागर की है, बल्कि घरेलू हिंसा के भयावह रूप को भी सामने ला दिया है। शादी के महज़ कुछ महीनों बाद पति-पत्नी के बीच उपजे तनाव ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया कि पत्नी ने कथित तौर पर गुस्से में पति की जीभ दांतों से काट ली। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज मेरठ के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जून 2025 में हुई थी शादी

संजयपुरी, बेगमाबाद निवासी विपिन की शादी जून 2025 में मेरठ के मलियाना इलाके की ईशा से हुई थी। सीमित जगह होने के कारण परिवार ने ऊपर की मंज़िल पर कमरा बनवाया, जहां दंपती रहने लगे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही हफ्तों में रिश्तों में दरार पड़ने लगी।

परिवार का आरोप: आदतों को लेकर बढ़ता रहा विवाद

पीड़ित की मां गीता का कहना है कि शादी के लगभग एक महीने बाद उन्हें बहू की आदतों की जानकारी हुई। आरोप है कि ईशा चोरी-छिपे शराब और सिगरेट का सेवन करती थी और सोशल मीडिया पर रील्स बनाने को लेकर आए दिन विवाद होता था। पति द्वारा टोकने पर वह घर छोड़ने और झगड़े की धमकी देने लगती थी।

सोमवार रात का विवाद बना हिंसक

परिजनों के अनुसार सोमवार रात खाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विपिन ने रोज़ अंडा करी खाने में असमर्थता जताई, जिस पर विवाद बढ़ गया। देर रात तक चली बहस हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने नज़दीकी का फायदा उठाते हुए पति की जीभ को दांतों से पकड़कर काट लिया। खून से लथपथ विपिन किसी तरह नीचे उतरा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

गाजियाबाद में सनसनी : घरेलू विवाद में पत्नी ने पति की काटी जीभ, हालत गंभी

डॉक्टरों की राय: बोलने में रहेगी दिक्कत

मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के मुताबिक जीभ का हिस्सा पूरी तरह अलग हो चुका है, जिसे सर्जरी के बाद भी पहले जैसी स्थिति में जोड़ पाना संभव नहीं है। भविष्य में कृत्रिम उपचार के जरिए बोलने की क्षमता आंशिक रूप से बहाल की जा सकती है, लेकिन सामान्य उच्चारण मुश्किल होगा।

थाने में भी हंगामा

पुलिस जब आरोपी महिला को हिरासत में लेकर थाने पहुंची तो उसने महिला पुलिसकर्मियों से भी बहस की। ईशा का कहना है कि उसे ससुराल पक्ष ने पिटवाया और झगड़े के दौरान वह गुस्से पर काबू नहीं रख सकी। उसने पुलिस के सामने यह भी स्वीकार किया कि पहले भी पति के साथ कई बार मारपीट हो चुकी थी।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कानूनी जानकारों के अनुसार, शरीर का अंग काटे जाने जैसे मामलों में लंबी सजा का प्रावधान है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *