अखिलेश यादव न अली के रहे, न बजरंगबली के : ओमप्रकाश राजभर

अखिलेश यादव न अली के रहे, न बजरंगबली के : ओमप्रकाश राजभर

प्राइमरी स्कूलों के विलय पर सपा अध्यक्ष को घेरा, राम मंदिर दर्शन के साथ काशी-मथुरा जाने की तारीख बताने की दी चुनौती

(रणभेरी): कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को सर्किट हाउस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। प्राइमरी स्कूलों के विलय, राम मंदिर दर्शन और सनातन धर्म के मुद्दे पर सपा नेतृत्व को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की स्थिति अब ‘न अली के रहे, न बजरंगबली के’ जैसी हो गई है।

प्राइमरी स्कूलों के विलय को लेकर अखिलेश यादव की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव पांच साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उन्होंने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उनके शासनकाल में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते थे, जबकि योगी सरकार में परिषदीय विद्यालयों में बेंच और डेस्क की व्यवस्था की गई है। अभिभावकों के खातों में भी बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों के लिए सहायता राशि भेजी जा रही है।

उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों का जिक्र करते हुए कहा कि इन विद्यालयों में गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चों को रहने और पढ़ने की बेहतर सुविधा मिल रही है। यहां पढ़कर बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बनने की तैयारी कर रहे हैं।

अयोध्या के साथ काशी-मथुरा जाने की तारीख बताएं

राम मंदिर दर्शन को लेकर भी राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि वह राम मंदिर दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे हैं तो उन्हें काशी विश्वनाथ और मथुरा जाने की तारीखों का भी एलान करना चाहिए। राजभर ने इस मुद्दे पर सपा अध्यक्ष की मंशा पर सवाल उठाए।

सनातन धर्म और कारसेवकों के मुद्दे पर भी घेरा

सनातन धर्म और कारसेवकों पर गोली चलवाने को लेकर सपा नेता सनातन पांडेय के बयान पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शिवपाल यादव की ओर से अनुशासन को लेकर दी गई चेतावनी का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी के अंदर नेतृत्व की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सपा में वास्तविक नेतृत्व अखिलेश यादव के हाथ में है या शिवपाल यादव के हाथ में।

2027 में एनडीए की सरकार बनने का दावा

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि विपक्ष के नेता केवल ट्वीट और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित रह गए हैं। उनके पास जनता के बीच जाने और विकास के मुद्दों पर बात करने के लिए कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में फिर सरकार बनाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *