बदला मौसम का मिजाज... बारिश के साथ ओलावृष्टि, किसानों की चिंता बढी

भदोही। ज्ञानपुर जिले में बृहस्पतिवार की सुबह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव मौसम का मिजाज अचानक बदला हुआ है। पछुआ हवा संग बारिश और ओलावृष्टि होने से किसान के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ गई है। ओलावृष्टि के कारण कई इलाकों में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। जिले में बृहस्पतिवार की सुबह जब लोगों की नींद से आंखे खुली तो आसमान में काले बादलों का जमघट रहा। सात बजे के करीब जिले के कई स्थानों पर गरज चमक के बीच बारिश और ओलावृष्टि देखी गई। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार बारिश से किसानों की फसलों का नुकसान होगा। मौसम में बदलाव होने से किसानों के माथे पर सिकन आ गई है। जिले के अभोली, सुरियावां, दुगार्गंज और डीघ के इलाकों में अचानक से बारिश होने के कारण किसानों के सरसों की फसल बर्बाद हो गई। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोंम के सक्रिय होने के कारण मौसम बदलाव हुआ है। यह मौसम 23 मार्च तक बना रहेगा। उन्होंने किसानों से सरसों के कटी हुई फसल को छायादार स्थान पर रखने की नसीहत दी।