छठ पर्व के लिए यूपी रोडवेज ने कसी कमर,पूर्वांचल के लिए चलेंगी 2563 अतिरिक्त बसें

छठ पर्व के लिए यूपी रोडवेज ने कसी कमर,पूर्वांचल के लिए चलेंगी 2563 अतिरिक्त बसें

एमडी ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

(रणभेरी):  छठ पर्व के मौके पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा के विशेष प्रबंध करेगा। परिवहन निगम पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक 2563 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। यह जानकारी परिवहन निगम एमडी संजय कुमार ने दी। उन्होंने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधाओं के बाबत तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए और बसों के संचालन की रूपरेखा तय करने को कहा।  आगरा, मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर व दिल्ली से गोरखपुर, बलिया, वाराणसी, प्रयागराज के लिए 2563 अतिरिक्त बसें उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा लखनऊ व कानपुर से विशेषकर पूर्वांचल के लिए अधिक से अधिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। छठ पर्व की वापसी के लिए दिल्ली तक के लिए बस सेवाएं बलिया, आजमगढ़, प्रयागराज, वाराणसी गोरखपुर, देवरिया व बस्ती से उपलब्ध रहेंगी। एमडी ने यह भी बताया कि निगम का प्रयास रहेगा कि जो भी पूर्वांचल के लोग पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली से छठ पर्व पर अपने घरों को आए हैं, इनको समुचित यात्रा सुविधा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि निगम ने प्रोत्साहन योजना 22 से 31 अक्तूबर तक रखी है। परिवहन निगम की हेल्पलाइन 18001802877 और कंट्रोल रूम नंबर 9415049606 पर यात्री जानकारी हासिल कर सकते हैं।

क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पुंडीर ने बताया कि लखनऊ से पूर्वांचल के जनपदों के लिए सीधी बस सेवा बृहस्पतिवार से शुरू की गई है। चारबाग, आलमबाग, कैसरबाग बस स्टेशन और अवध चौराहे से नॉनस्टॉप बस सेवाएं सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक हर घंटे उपलब्ध रहेंगी। साथ ही एसी बसों में ऑनलाइन सीटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। लखनऊ से पूर्वांचल के क्षेत्रों के लिए 80 साधारण बसें और 20 एसी बसें लगाई गई है जो 31 अक्तूबर तक चलाई जाएंगी।