चंदौली में चुनावी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, युवक को घर में घुसकर मारी गोली

चंदौली में चुनावी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, युवक को घर में घुसकर मारी गोली

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी और सातवें चरण में सोमवार को कुछ जगहों पर हिंसा की भी घटनाएं सामने आने के बाद से ही प्रशासन के सामने अब कार्रवाई की चु‍नौतियां सामने आ गई हैं। इसी कड़ी में चंदौली जिले में चुनावी रंजिश के कारण युवक को घर में घुसकर गोली मार दी गई। गोली युवक के कमर के नीचे लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  

चंदौली जिले में भी एक बूथ पर विवाद को लेकर युवक को गोली मारने की घटना की पुलिस विवेचना कर रही है। माना जा रहा है कि विवाद बूथ को लेकर ही हुआ था, ऐसे में गोली मारने की घटना को केंद्र में रखकर पुलिस विवेचना कर रही है। चंदौली की चार विधानसभा सीटों पर सोमवार को सातवें और अंतिम चरण के तहत मतदान हुआ। दोपहर बाद वोट देने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई थी।
आरोप है कि सदाबृज बिंद का बेटा जयकिशन रात में अपने घर में सोया था। देर रात अज्ञात हमलावर खिड़की से घर में घुसे और जयकिशन को लक्ष्य कर गोली मार दी।  गोली कमर के नीचे लगी है। घटना के बाद हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर खोखा बरामद किया।पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर छानबीन में जुटी है। सीओ सकलडीहा अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मौके से सिर्फ खोखा मिला है। घायल को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की छानबीन की जा रही है।