वाराणसी में राजीव गांधी की जयंती पर संकल्प दिवस, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण

वाराणसी में राजीव गांधी की जयंती पर संकल्प दिवस, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण

वाराणसी (रणभेरी): बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प दिवस के रूप में मनाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता मैदागिन चौराहा स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा स्थल पर एकत्र हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अजय राय ने प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें पगड़ी पहनाकर टीका लगाया और "राजीव गांधी अमर रहें" के नारों से चौराहा गूंज उठा। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें देश में तकनीकी और वैज्ञानिक क्रांति का प्रेरणास्रोत बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि “राजीव गांधी ने देश को नई दिशा दी। युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिया और सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दिया। हम सभी उनके योगदान के ऋणी हैं।”

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, जिले के अन्य हिस्सों में भी गोष्ठियों और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन कर उनके विचारों और कार्यों पर चर्चा की गई।