उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी, 8 मंत्रियों ने भी ली शपथ

उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी, 8 मंत्रियों ने भी ली शपथ

(रणभेरी): उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने पुष्कर सिंह धामी को दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी है। धामी ने 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पद पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम दिग्गज बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में गोपनीयता की शपथ ली। धामी के साथ 8 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, चंदन रामदास और सौरभ बहुगुणा शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह पहली बार राजभवन से निकलकर परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया।

विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। 70 सीटों वाले उत्तराखंड में भाजपा के खाते में 47 सीटें आईं हैं। कांग्रेस को 19 विधानसभा सीटों से ही संतुष्ट होना पड़ा, जबकि, बीएसपी ने वापसी करते हुए दो सीटों पर जीत दर्ज की और दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी पारी खेलनी शुरू की है। आम आदमी पार्टी ‘आप’  का कोई भी प्रत्याशी उत्तराखंड में खाता नहीं खोला पाया। ‘आप’ के सीएम चेहरे कर्नल अजय कोठियाल गंगोत्री विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे। यहां से भाजपा के सुरेश चौहन ने जीत दर्ज की है।  

शपथ ग्रहण समारोह के ठीक बाद धामी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होगी। कैबिनेट बैठक में धामी कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं। विधानसभा चुनाव 2022 से पहले धामी ने उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लाने की बात कही थी। सूत्रों की बात माने धामी मंत्रिमंडल यूनिफॉर्म सिविल कोड पर कोई बड़ा फैसला ले सकती है।  

20 साल के इतिहास में पहली बार किसी राजनैतिक पार्टी ने उत्तराखंड में दोबारा सरकार बनाई है। 09  नवंबर 2000 को उत्तराखंड के गठन के बाद भाजपा ने सरकार बनाई थी। लेकिन, 2002 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथ उत्तराखंड की कमान आई थी। पांच साल के बाद 2007 भाजपा ने एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाई।  भाजपा से नाखुश जनता ने 2012 में फिर कांग्रेस का हाथ थामा था लेकिन, 2017 के चुनाव में भाजपा ने वापसी करते हुए उत्तराखंड में दोबारा सरकार बनाई। उत्तराखंड के इतिहास में सारे मिथक तोड़ते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 2022 में भाजपा की उत्तराखंड में एक बार फिर सरकार बनी।