शाहजहांपुर में पिता ने 4 बच्चों की बेरहमी से गला रेतकर की हत्या, फिर खुद फांसी पर लटका

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पिता ने 4 बच्चों की सोते वक्त हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी पर लटककर सुसाइड कर लिया। यह घटना पारिवारिक कलह के चलते हुई है। वारदात के वक्त पत्नी मायके गई थी। बच्चों की इतनी बेरहमी से हत्या की गई थी कि शव देखकर पुलिसवाले भी सहम गए।पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था। 3 बच्चियों और एक बेटे का शव चारपाई पर पड़ा था। सभी की गर्दन कटी हुई थी। पास में ही चापड़ रखा था। उसी कमरे में फंदे पर पिता का शव लटका हुआ था। मरने वाले बच्चों की उम्र 10 और 8 साल की लड़की, 7 और 5 साल का लड़का शामिल है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, घटना थाना रोजा क्षेत्र के मानपुर चचरी गांव की है, बताया जा रहा है कि इसी गांव का रहने वाला राजीव अपने घर में था और उसके चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) भी थे. देर रात किसी वक्त राजीव ने अपनी 13 साल की बेटी स्मृति, 9 साल की बेटी कीर्ति, 7 साल की बेटी प्रगति और 5 साल के बेटे ऋषभ की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की है।
वारदात के वक्त घर में पिता और 4 बच्चे ही थे। राजीव के पिता पृथ्वीराज ने पुलिस को बताया कि वह घर के बाहर थोड़ी दूर खेत में सोता था। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे घर पहुंचे तो गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन गेट नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाया। दीवार फांदकर अंदर गया तो कमरे में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। चारों बच्चों की खून से लथपथ लाश चारपाई पर पड़ी हुई थी। जबकि राजीव फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने बताया कि बहू एक दिन पहले ही मायके गई थी। पिता पृथ्वीराज ने बताया कि एक साल पहले राजीव का एक्सीडेंट हो गया था। इसमें सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। बीच-बीच में दौरे आते थे। वह अपना आपा खो देता था। लेकिन, ऐसी खौफनाक घटना कर देगा, इसका अंदाजा बिल्कुल नहीं था।
पड़ोसियों ने बताया कि राजीव की 14 साल पहले क्रांति से शादी हुई थी। पहले वह मजदूरी करता था। एक्सीडेंट के बाद मानसिक स्थिति खराब होने के कारण बीते एक साल से बेरोजगार था। घर पर ही रहता था। पिता पृथ्वीराज के पास 4 बीघा पट्टे की जमीन है। इसी से घर का गुजारा चलता था। आर्थिक तंगी के कारण आए दिन पत्नी से विवाद होता था। बुधवार को भी झगड़ा करके पत्नी अपने मायके चली गई थी। राजीव 5 बेटों में सबसे बड़ा था। दूसरे और तीसरे नंबर के भाई संजीव और राजन पास के ही मकान में रहते हैं। चौथे नंबर का भाई कुलदीप शहर में काम करता है। जबकि सबसे छोटा बेटा अंकित की ब्रेन ट्यूमर के कारण डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है। राजीव की मां की भी दो साल पहले मौत हो चुकी है।
एसपी सिटी योगेंद्र ने बताया कि हत्या के बाद सुसाइड का मामला है। फोरेंसिक टीम ने जांच की है। हत्या में इस्तेमाल बांका बरामद कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि हत्यारोपी राजीव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। बच्चों की मां को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।