बॉयफ्रेंड ने तीसरी मंजिल से फेंका; दूसरे लड़के से अफेयर का था शक

 बॉयफ्रेंड ने तीसरी मंजिल से फेंका;  दूसरे लड़के से अफेयर का था शक

महाराष्ट्र।  सतारा में बिहार की एक मेडिकल स्टूडेंट की हत्या हुई है। बताया जा रहा है कि उसके बॉयफ्रेंड ने उसे बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। लड़की की पहचान आरुषि मिश्रा के तौर पर हुई है जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी। आरुषि की मां दीप्ति मिश्रा डॉक्टर हैं। वहीं आरोपी प्रेमी हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला धुव्र चिक्कर है। दोनों सतारा के कराड के कृष्णा मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। आरोपी लड़के को शक हो गया था कि उसकी गर्लफ्रेंड का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है।

झगड़े के दौरान प्रेमिका को बिल्डिंग से फेंका

ध्रुव चिक्कर कराड के मेडिकल कॉलेज के पास ही एक बिल्डिंग में किराए के फ्लैट में रहता था। उसने अपनी गर्लफ्रेंड आरुषि को अपने फ्लैट में मिलने के लिए बुलाया। ध्रुव को शक था कि उसकी प्रेमिका आरुषि का किसी और लड़के से भी अफेयर है। इसको लेकर दोनों के बीच काफी बहस शुरू हो गई। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट भी हुई, जिससे दोनों घायल भी हो गए। इस दौरान ध्रुव ने आरुषि को बिल्डिंग से नीचे फेंक दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।2-3 साल से था अफेयर- एसपी

सतारा एसपी समीर शेख ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों एक दूसरे को लगभग दो-तीन साल से जानते थे। आपस में उनका कुछ इश्यू चल रहा था, मृतका की मां ने बेटी को लड़के से दूर रहने की सलाह दी थी, लेकिन जब भी वो लड़के से दूर रहने की कोशिश करती तो आरोपी उसका पीछा करता था। 31 जुलाई को दोनों के बीच विवाद हुआ फिर आरोपी ने उसे बिल्डिंग से धक्का दे दिया। हमने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

दिल्ली से थी दोस्ती

आरुषि और ध्रुव चिक्कर दोनों पहले दिल्ली में एक साथ पढ़ते थे और तभी से दोनों के बीच दोस्ती थी। मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के लिए भी दोनों ने साथ ही कराड के मेडिकल कॉलेज में एडमिशन ले लिया था।

दोनों के बीच मारपीट के दौरान आरोपी ध्रुव चिक्कर भी घायल हो गया। उसके पैर में भी चोट आई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक आरुषि की मां देर रात कराड पहुंच चुकी है। पुलिस ने आरोपी ध्रुव चिक्कर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।