Bhadohi: तालाब किनारे झाड़ियों में मिला आठ साल की बच्ची का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका

Bhadohi: तालाब किनारे झाड़ियों में मिला आठ साल की बच्ची का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका

(रणभेरी): यूपी के भदोही में ज्ञानपुर के चौरी थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक सूखे तालाब के किनारे झाड़ियों में आठ वर्षीय बच्ची का शव मिला है। घटना की जानकारी होते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी मच गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को छावनी में तब्दील कर दिया है। घटनास्थल से 500 मीटर पहले ही पुलिस और पीएसी जवानों की टीम ग्रामीणों पर रोक लगा दी है। वही लोग मासूम की रेप के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। 

जानकारी के मुताबिक चौरी के बहुतरा निवासी कमलेश बनवासी की आठ वर्षीय पुत्री का शव उसके घर से 300 मीटर दूर जीयनपुर में एक सूखे तालाब के पास मिला। लोगों ने बताया कि बच्ची के घर एक दिन पूर्व शादी का कार्यक्रम था। बुधवार की रात घर पर भोज का आयोजन था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से लोगों को खदेड़ते हुए 500 मीटर दूर कर दिया। पुलिस किसी को भी न बच्ची के शव देखने दे रही है और न ही घटनास्थल के 500 मीटर की परिधि में भटकने दे रही है। पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस की सख्ती को देखते हुए स्थानीय लोग बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। बहरहाल घटना की स्थिति साफ नहीं हो सकी है। मौके पर एडिशनल एसपी राजेश भारती और क्षेत्रीय सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह भी पहुंच गए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि बच्ची का शव मिलने का जानकारी है। फॉरेसिंक टीम व फील्ड यूनिट घटना की जांच कर रही है।