चंदौली में बोले अखिलेश- थाने में बढ़ गया दलाली का सेंसेक्स

चंदौली में बोले अखिलेश- थाने में बढ़ गया दलाली का सेंसेक्स

(रणभेरी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज चंदौली के मनराजपुर गांव मेपीड़ित परिवार से मुलाकात की। मृतका निशा के पिता कन्हैया यादव को सांत्वना दी। करीब आधे घंटे तक उन्होंने घटना के संबंध में चर्चा की। अखिलेश वाराणसी रवाना होने से पहले मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार और बच्ची को न्याय दिलाएंगे। सरकारी जांच पर भरोसा नहीं है।  पुलिस के खिलाफ आरोप  है और पुलिस के द्वारा ही मामले की जांच करना सही नहीं है। उन्होंने हाईकोर्ट के जज की देखरेख में जांच की मांग की। आरोप लगाया कि घटना वाले दिन पुलिस पूरी तैयारी के साथ गई थी जान लेने।

अखिलेश ने पुलिस-प्रशासन और सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि जो सरकार पुलिस को चुनाव जिताने में लगा दे, उस सरकार से क्या उम्मीद कर सकते हैं। दलाली का सेंसेक्स थाने में बढ़ रहा है। जाति के आधार पर थानों में काम हो रहा है। जनप्रतिनिधि के दबाव में यूपी सरकार यह कर रही है कि कब किसे फंसाना है। न्यायिक हिरासत में मौत, फर्जी मुठभेड़, महिला आयोग की नोटिस, एनएचआरसी की नोटिस मामले में यूपी नंबर वन है। देश के किसी भी राज्य से उत्तर प्रदेश इन मामले में सबसे आगे है।