उत्तराखंड में भारी हिमस्खलन में 57 मजदूर फंसे, 15 का किया गया रेस्क्यू

उत्तराखंड में भारी हिमस्खलन में 57 मजदूर फंसे, 15 का किया गया रेस्क्यू

उत्तराखंड (रणभेरी): उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाके चमोली में शुक्रवार सुबह 7.15 बजे एवलांच की वजह से 57 मजदूर बर्फ में दब गए। मजदूर 8 कंटेनर और एक शेड में थे। घटना बद्रीनाथ से 3 किलोमीटर दूर चमोली के माणा गांव में हुई। यहां बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) की टीम चमोली-बद्रीनाथ हाईवे पर बर्फ हटाने के काम में लगी हुई है। मजदूर BRO की टीम के साथ थे।

भारत-चीन (तिब्बत) सीमा क्षेत्र में माणा कैंप के पास भारी हिमस्खलन हुआ है। सेना के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही क्विक रिस्पॉन्स टीम के 100 से ज्यादा जवान तत्काल रेस्क्यू में जुटे। इसमें डॉक्टर, एम्बुलेंस स्टाफ भी शामिल हैं। सुबह 11.50 बजे टीम ने 5 कंटेनरों का पता लगाया और 10 मजदूरों को निकाला। इन लोगों को जोशीमठ और माणा के अस्पतालों में भेजा गया है। 10 में से 4 की हालत गंभीर है।

क्षेत्र में मौसम खराब होने के चलते संचार सेवा ठप पड़ी है। चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि माणा और माणा पास के बीच हिमस्खलन होने से मजदूरों के दबने की सूचना है। एयर फोर्स से मदद मांगी जा रही है। सेना, आईटीबीपी रेस्क्यू में लगी है। एनडीआरएफ की टीम  को भी मूव कर दिया गया है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी, औली, गोरसों के साथ ही नीती और माणा घाटियों में तीन दिन से बर्फबारी हो रही है। जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फ जमा हो गई है।

सीएम ने की मजदूरों के सुरक्षित होने की प्रार्थना 

हादसे को लेकर उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने SDRF के अधिकारियों के साथ बैठक की है। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने घटना को लेकर उत्तराखंड के CM, सेना, ITBP और NDRF के अधिकारियों से बातचीत की है।जनपद चमोली में माणा गांव के निकट BRO द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ITBP, BRO और अन्य बचाव दलों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है।

बर्फबारी और लैंडस्लाइड की वजह से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे सहित कई सड़कें बंद हो गई हैं। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटक स्थलों सहित घाटी के ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण ट्रेन और फ्लाइट भी प्रभावित हुई हैं। उत्तराखंड के गंगोत्री में 4 फीट तक बर्फबारी हुई है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के हार्ड जोन वाले इलाके में मौसम खराब है। बारिश और बर्फबारी दोनों जारी हैं। इस कारण 10वीं, 11वीं और 12वीं की 1 और 3 मार्च को होने वाली परीक्षाएं रद्द की गई हैं। अब ये एग्जाम 24 और 25 मार्च को कराया जाएगा।