मेरठ में सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को करैत सांप से डसवाकर कराई हत्या

मेरठ में सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को करैत सांप से डसवाकर कराई हत्या

(रणभेरी): मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सामान्य सांप के काटने से हुई मौत नहीं थी, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से की गई हत्या थी। आरोप है कि मृतक अतुल कुमार (32) की पत्नी दामिनी (30) ने अपने प्रेमी और स्कूल के वैन चालक तुषार पायला के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस जांच में सामने आया कि अतुल को पहले नशीली दवा देकर बेहोश किया गया और इसके बाद कथित तौर पर कमरे में जहरीला करैत सांप छोड़ा गया। करैत को देश के सबसे जहरीले सांपों में शामिल किया जाता है। पुलिस ने इस मामले में दामिनी, तुषार और दो सपेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सुबह सांप काटने की कहानी बताई, जांच में खुला राज

घटना के बाद दामिनी ने परिजनों को बताया कि अतुल की मौत सांप के काटने से हुई है। सुबह करीब छह बजे वह कमरे में पहुंची और शोर मचाया। कमरे में सांप भी मौजूद था और अतुल के पैर पर काटने के निशान दिखाई दे रहे थे। शुरुआती तौर पर परिवार को भी यही लगा कि मौत सांप के डसने से हुई होगी।

लेकिन पुलिस को पूछताछ के दौरान कुछ बातें संदिग्ध लगीं। दामिनी ने बताया था कि गर्मी अधिक होने के कारण वह अपने छह साल के बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। इस बात पर परिवार को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने दामिनी से पूछताछ की। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच में उसका संपर्क स्कूल के वैन चालक तुषार पायला से लगातार होने की बात सामने आई।

प्रेम संबंध और बीमा रकम बनी हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक, तुषार और दामिनी के बीच लंबे समय से संबंध थे। दोनों अतुल को अपने रिश्ते में बाधा मानते थे। जांच में यह भी सामने आया कि अतुल ने करीब 20 लाख रुपये का बीमा कराया हुआ था। आरोप है कि हत्या के बाद बीमा राशि हासिल कर दोनों नई जिंदगी शुरू करने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, इसी योजना के तहत दोनों ने सपेरों से संपर्क किया और कथित तौर पर पांच लाख रुपये में हत्या की साजिश को अंजाम देने की तैयारी की।

मेरठ में सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को करैत सांप से डसवाकर कराई हत्या

सात साल पहले हुई थी प्रेम विवाह

अतुल कुमार भंडोरा गांव के रहने वाले थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता अजब सिंह खेती करते हैं और मां संतोष देवी गृहिणी हैं। परिवार के अनुसार, अतुल ने करीब सात साल पहले दामिनी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों अलग रहने लगे थे। अतुल पहले एक निजी कंप्यूटर कंपनी में नौकरी करते थे। करीब चार साल पहले उन्होंने नौकरी छोड़कर हस्तिनापुर में कृष्ण किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था। स्कूल में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल संचालन में उनकी पत्नी भी सहयोग करती थी। दामिनी ने उच्च शिक्षा हासिल की थी और उसके पास एमए तथा बीएड की डिग्री थी।

मेरठ में सनसनीखेज हत्याकांड, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को करैत सांप से डसवाकर कराई हत्या

पहले भी हत्या की कोशिश का शक

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल की हत्या की साजिश काफी समय पहले से चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, करीब दो साल पहले भी अतुल को कार से टक्कर मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस मामले में कार्रवाई नहीं कराई गई।

जांच अधिकारियों का कहना है कि अतुल को पहले से शक था कि उसके खाने में कुछ मिलाया जा रहा है। उसने इस बारे में अपनी मां से भी शिकायत की थी। कई बार उसकी तबीयत खराब हुई और उसे इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाना पड़ा था।

सांप से हत्या की योजना कैसे बनी

पुलिस के अनुसार, शुरुआती योजनाएं सफल नहीं होने के बाद दामिनी और तुषार ने सांप के जरिए हत्या करने की योजना बनाई। तुषार ने कथित तौर पर अपने संपर्कों के जरिए दो सपेरों सोनू और उदय से संपर्क किया।

जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों ने बाजार से नींद की गोलियां खरीदीं और अतुल के खाने में मिला दीं। रात में अतुल के सो जाने के बाद तुषार ने सपेरों को बुलाया। आरोप है कि इसके बाद करैत सांप से अतुल को डसवाया गया और सांप को कमरे में छोड़ दिया गया। इसके बाद तुषार वहां से चला गया और दामिनी अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई।

मोबाइल में मिली सांप की तस्वीर से मिला सुराग

एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, शुरुआत में दामिनी लगातार सांप के काटने से मौत होने की बात कह रही थी। लेकिन पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी और कॉल डिटेल की मदद से जांच आगे बढ़ाई। तुषार के मोबाइल की जांच में कथित तौर पर सांप की तस्वीर मिली। पुलिस का दावा है कि यह तस्वीर घटनास्थल पर मिले सांप से जुड़ी हुई थी। पूछताछ के दौरान तुषार ने कथित रूप से पूरी साजिश के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों सपेरों को भी गिरफ्तार कर लिया।

मायके और स्कूल पर लगा ताला

घटना के बाद जब टीम दामिनी के मायके पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार, दामिनी की मां और बेटा वहां मौजूद नहीं थे। वहीं अतुल का स्कूल भी बंद मिला। पुलिस अब मामले में जुटे सभी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *