(रणभेरी): हैदराबाद में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तेलुगु अभिनेता भरत कांत और सिनेमैटोग्राफर जी. साई त्रिलोक की मौत हो गई। यह हादसा आदिबाटला पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आउटर रिंग रोड (ORR) के एग्जिट नंबर 12 के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, कार पीछे से एक ट्रक से टकरा गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
भरत कांत ने अपने अभिनय करियर में कई प्रोजेक्ट्स में काम किया था। उन्होंने 2021 की फिल्म ग्रामम और 2024 की फिल्म टेनेंट में अभिनय किया था। इसके अलावा वेब सीरीज गीतांजलि और पार्वती परमेश्वरुलु में भी उनकी भूमिकाएं देखी गई थीं। इस घटना के बाद मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।
अभिनेत्री आशु रेड्डी ने जताया दुख
टीवी और रियलिटी शो बिग बॉस से चर्चित अभिनेत्री आशु रेड्डी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने करीबी मित्र भरत कांत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर उनके साथ कुछ पुरानी तस्वीरें और वीडियो साझा किए।
अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि इस क्षति से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना संभव नहीं है और भरत हमेशा उनके दिल में जीवित रहेंगे। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने विश्वास न कर पाने वाली स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि साथ बिताए गए पल और मिला हुआ स्नेह हमेशा याद रहेगा। फिलहाल पुलिस हादसे की वजहों की जांच में जुटी हुई है।
