वाराणसी (रणभेरी): लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब हवाई यात्रा का अनुभव पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक होने जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर में आधुनिक फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (FIDS) लगाए हैं। इन डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को विमान से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां रियल टाइम में मिल सकेंगी।
एयरपोर्ट परिसर में कुल 52 नई हाई-डेफिनिशन स्क्रीन स्थापित की गई हैं। इन स्क्रीन पर उड़ानों के आगमन और प्रस्थान का समय, फ्लाइट की स्थिति, बोर्डिंग गेट नंबर और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं लगातार अपडेट होती रहेंगी। इससे यात्रियों को अब फ्लाइट की जानकारी के लिए बार-बार पूछताछ केंद्र तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
पूछताछ काउंटर पर भीड़ से मिलेगी राहत
अब तक फ्लाइट के समय में बदलाव, देरी या गेट में परिवर्तन जैसी जानकारी के लिए यात्रियों को इंक्वायरी काउंटर पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने से वहां भीड़ जमा हो जाती थी और लोगों को इंतजार करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को अपनी उड़ान से जुड़ी हर जानकारी एयरपोर्ट के अलग-अलग हिस्सों में लगी स्क्रीन पर ही मिल जाएगी।
प्रवेश द्वार से सिक्योरिटी एरिया तक लगाई गई स्क्रीन
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इन डिजिटल डिस्प्ले को ऐसे स्थानों पर लगाया गया है जहां से हर यात्री आसानी से जानकारी प्राप्त कर सके। मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र, कैनोपी एरिया, चेक-इन काउंटर, आगमन और प्रस्थान हॉल के साथ-साथ सिक्योरिटी होल्ड एरिया में भी ये स्क्रीन लगाई गई हैं। इन स्क्रीन पर प्रदर्शित होने वाली जानकारी एयरपोर्ट के सिस्टम से सीधे जुड़ी होगी और इसमें उड़ानों का डेटा लगातार अपडेट होता रहेगा। इससे यात्रियों को सटीक और ताजा जानकारी मिल सकेगी।
लाउडस्पीकर घोषणाओं पर निर्भरता होगी कम
एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया, लाउंज और कैफेटेरिया में बैठने वाले यात्रियों को अब बार-बार घोषणाएं सुनने के लिए सतर्क नहीं रहना पड़ेगा। सामने लगी स्क्रीन पर ही फ्लाइट का स्टेटस, टेकऑफ और लैंडिंग का समय तथा बोर्डिंग गेट की जानकारी दिखाई देती रहेगी। इससे एयरपोर्ट परिसर में अनावश्यक घोषणाओं की संख्या कम होगी और यात्रियों को अधिक शांत एवं बेहतर वातावरण मिलेगा।
पुराने सिस्टम को हटाकर लगाया गया नया आधुनिक सिस्टम
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि एयरपोर्ट की सुविधाओं को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसी दिशा में पुराने और सीमित क्षमता वाले डिस्प्ले सिस्टम को हटाकर नई तकनीक वाली स्क्रीन लगाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि नई स्क्रीन की गुणवत्ता पहले से बेहतर है। इनकी रोशनी और विजिबिलिटी अधिक होने के कारण दूर खड़े यात्री भी आसानी से अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे। साथ ही नई तकनीक के कारण डेटा अपडेट होने की प्रक्रिया भी काफी तेज हो गई है। नई व्यवस्था से वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को समय की बचत होगी और यात्रा शुरू होने से पहले मिलने वाली सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
