वाराणसी जोन को मिला नया ADG, नवीन अरोरा संभालेंगे नौ जिलों की पुलिस व्यवस्था

वाराणसी जोन को मिला नया ADG, नवीन अरोरा संभालेंगे नौ जिलों की पुलिस व्यवस्था

वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश शासन ने मंगलवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) की जिम्मेदारी बदल दी। 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है। अब वह जोन के अंतर्गत आने वाले नौ जिलों की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

नवीन अरोरा इससे पहले लखनऊ में तकनीकी सेवाएं उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात थे। शासन की ओर से जारी आदेश के बाद उन्हें वाराणसी जोन की कमान सौंपी गई है।

वहीं, वाराणसी जोन के मौजूदा एडीजी पीयूष मोर्डिया का तबादला कर दिया गया है। 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी पीयूष मोर्डिया को अब प्रयागराज का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। शासन ने मंगलवार को जारी आदेश में दोनों अधिकारियों की नई तैनाती की जानकारी दी।

करीब ढाई साल तक वाराणसी जोन की संभाली जिम्मेदारी

पीयूष मोर्डिया ने फरवरी 2024 में वाराणसी जोन के एडीजी पद का कार्यभार ग्रहण किया था। अपने लगभग 29 महीने के कार्यकाल में उन्होंने पूर्वांचल के नौ जिलों में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए।

उनके कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, पुलिस की जवाबदेही और जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। पुलिस विभाग में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उन्होंने फरियादियों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया।

बलिया तस्करी मामले से मिली थी चर्चा

पीयूष मोर्डिया का नाम उस समय काफी चर्चा में आया था, जब बलिया में तस्करी और उसमें पुलिसकर्मियों की भूमिका से जुड़ा मामला सामने आया था। मामले में कई पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी। जांच और सख्त कदमों के कारण यह प्रकरण पूरे प्रदेश में सुर्खियों में रहा था।

इससे पहले मीरजापुर में तैनाती के दौरान उन्होंने कारतूस घोटाले का खुलासा किया था। इस कार्रवाई के बाद भी उनकी कार्यशैली की काफी चर्चा हुई थी।

फरियादियों के लिए शुरू की थी नई व्यवस्था

वाराणसी में एडीजी रहते हुए पीयूष मोर्डिया ने आम लोगों की शिकायतों के निस्तारण के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की थी। इसमें फरियादी की शिकायत को सीधे सुना जाता था और संबंधित थाने के प्रभारी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामने लाकर समस्या के समाधान की कोशिश की जाती थी।

इस व्यवस्था को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। बाद में कई जिलों के पुलिस कप्तानों ने भी इसी तरह की व्यवस्था को अपनाया। अब वाराणसी जोन की जिम्मेदारी आईपीएस नवीन अरोरा के पास होगी। उनके सामने जोन के नौ जिलों में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी। शासन को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ पुलिस प्रशासन को मिलेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *