शाहजहांपुर में 125 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा युवक, 16 घंटे से जारी हाईवोल्टेज ड्रामा; कभी CBI तो कभी राष्ट्रपति को बुलाने की मांग

शाहजहांपुर में 125 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा युवक, 16 घंटे से जारी हाईवोल्टेज ड्रामा; कभी CBI तो कभी राष्ट्रपति को बुलाने की मांग

(रणभेरी): शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक 21 वर्षीय युवक करीब 125 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और कई घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और राहत दल मौके पर पहुंच गए। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि उसके परिजन भी उसे समझाने में जुटे रहे।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान कटरा थाना क्षेत्र के बंशसान मोहल्ला निवासी आकाश (21) के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग एक वर्ष से हरियाणा की एक निजी कंपनी में काम कर रहा था। कुछ दिन पहले वह अपने घर आया था और गुरुवार को दोबारा हरियाणा लौटने के लिए निकला था।

ट्रेन से जाने की बजाय पहुंच गया मोबाइल टॉवर

परिजनों के मुताबिक, आकाश गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह ट्रेन से हरियाणा जाएगा। हालांकि वह रेलवे स्टेशन जाने के बजाय तिलहर थाना क्षेत्र के कछियानी खेड़ा के पास स्थित एक मोबाइल टॉवर तक पहुंच गया। रात करीब दस बजे वह टॉवर पर चढ़ गया और सबसे ऊपरी हिस्से में जाकर बैठ गया।

शाहजहांपुर में 125 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा युवक, 16 घंटे से जारी हाईवोल्टेज ड्रामा; कभी CBI तो कभी राष्ट्रपति को बुलाने की मांग

रात के समय जब आसपास के लोगों ने उसे टॉवर पर देखा तो उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने के बाद देर रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर और अन्य माध्यमों से युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा।

स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। एंबुलेंस, स्वास्थ्य विभाग की टीम और अन्य राहत कर्मियों को भी मौके पर तैनात किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

पिता की भावुक अपील भी नहीं आई काम

रात में सूचना मिलने के बाद युवक के पिता भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लाउडस्पीकर के जरिए बेटे से भावुक अपील करते हुए सुरक्षित नीचे आने को कहा। परिवार के अन्य सदस्य भी लगातार उसे मनाने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक टॉवर से उतरने को तैयार नहीं हुआ।

शाहजहांपुर में 125 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा युवक, 16 घंटे से जारी हाईवोल्टेज ड्रामा; कभी CBI तो कभी राष्ट्रपति को बुलाने की मांग

कभी सीबीआई जांच, कभी सेना तो कभी राष्ट्रपति को बुलाने की मांग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बातचीत के दौरान युवक अलग-अलग तरह की मांगें रखता रहा। पहले उसने अपने मामले की सीबीआई से जांच कराने की बात कही। इसके बाद उसने सेना के अधिकारियों को बुलाने की मांग रखी और फिर राष्ट्रपति को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा। उसकी मांगें लगातार बदलती रहीं, जिससे उसकी नाराजगी का स्पष्ट कारण समझना मुश्किल हो गया।

हरियाणा में मोबाइल छिनैती के बाद बढ़ी नाराजगी

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हरियाणा में रहने के दौरान युवक का मोबाइल फोन छीन लिया गया था। इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन उसकी अपेक्षा के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि इसी घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी तनाव में था और इसी नाराजगी के चलते उसने यह कदम उठाया।

शाहजहांपुर में 125 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा युवक, 16 घंटे से जारी हाईवोल्टेज ड्रामा; कभी CBI तो कभी राष्ट्रपति को बुलाने की मांग

हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक से सुरक्षित बातचीत कर वास्तविक कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है।

टिफिन लेकर चढ़ा, पानी तक नहीं मांगा

स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक अपने साथ टिफिन लेकर टॉवर पर चढ़ा था। देर रात से लेकर कई घंटों तक उसने न तो खाने-पीने की कोई मांग की और न ही पानी मांगा। वह लगातार टॉवर के ऊपरी हिस्से में बैठा रहा, जिससे राहत टीम की चिंता और बढ़ गई।

बड़ा परिवार, खेती करते हैं पिता

आकाश अपने परिवार में छह भाइयों और दो बहनों के बीच दूसरे नंबर पर है। उसके पिता गुड्डू यादव खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि उसकी मां अनीता गृहिणी हैं। परिवार का कहना है कि हरियाणा में मोबाइल और कुछ पैसों के विवाद के बाद से वह काफी परेशान रहने लगा था।

प्रशासन की पहली प्राथमिकता सुरक्षित रेस्क्यू

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य युवक को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके लिए लगातार बातचीत की जा रही है और विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और हालात को पूरी तरह नियंत्रण में रखने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर डटी हुई है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी हैं और पूरे इलाके में लोगों की भीड़ लगी हुई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *