वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम वाराणसी पहुंचे। करीब शाम 4:30 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका आगमन हुआ। एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के अनुसार, मंगलवार शाम मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह रोहनिया क्षेत्र स्थित होटल लेमन ट्री में आयोजित होने वाले वैवाहिक समारोह में शामिल होंगे।
यह समारोह प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र अनिमेष मिश्र के विवाह एवं आशीर्वाद कार्यक्रम का है। मुख्यमंत्री समारोह में वर-वधू को आशीर्वाद देंगे। रात्रि विश्राम मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में करेंगे।
कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की संभावना
राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र के बेटे के विवाह समारोह में प्रदेश और देश की राजनीति से जुड़े कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
राज्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी के मुताबिक, समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।
अमेरिका में कार्यरत हैं अनिमेष मिश्र
आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से जुड़े हुए हैं। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पुत्र अनिमेष मिश्र वर्तमान में अमेरिका में कार्यरत हैं।
अनिमेष मिश्र का विवाह उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी साक्षी से हो रहा है। साक्षी ने अपनी शिक्षा पूरी कर ली है। उनके पिता डॉ. संजीव शुक्ला उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। दोनों परिवारों के बीच विवाह की रस्मों की शुरुआत 28 जनवरी को रुद्रपुर में हुई रिंग सेरेमनी के साथ हुई थी।
बुधवार को शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल पहुंचेंगे। यहां वह बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों, शिक्षामित्रों सहित अन्य पात्र कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का शुभारंभ करेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री प्रदेश के विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से छात्रवृत्ति की राशि भी भेजेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
गोदौलिया से मैदागिन तक रहेगा नो व्हीकल जोन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए वाराणसी में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रशासन के अनुसार, गोदौलिया से मैदागिन तक के मार्ग को निर्धारित समय के लिए नो व्हीकल जोन रखा जाएगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
मुख्यमंत्री कार्यक्रमों के बाद पुलिस लाइन पहुंचेंगे, जहां से वह मिर्जापुर के विंध्याचल के लिए रवाना होंगे। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
