(रणभेरी): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी गई है। यह परीक्षाएं 28 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। वाराणसी सहित पूरे राज्य में इसके लिए केंद्रों का निर्धारण कर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल की परीक्षा पहली पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक कराई जाएगी।
इस परीक्षा में कुल 42,078 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें हाईस्कूल के 20,851 और इंटरमीडिएट के 21,227 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
बोर्ड सचिव ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी परीक्षा कक्षों में वॉइस रिकॉर्डिंग सुविधा वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उनकी निगरानी चौबीसों घंटे सुनिश्चित की जाए। प्रश्नपत्रों के भंडारण से लेकर वितरण तक की पूरी प्रक्रिया भी सीसीटीवी की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
परीक्षा को सुचारु रूप से कराने के लिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंच जाएं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा हाईस्कूल कंपार्टमेंट/इंप्रूवमेंट के लिए प्रायोगिक आधारित आंतरिक मूल्यांकन परीक्षाएं तथा इंटरमीडिएट की प्रायोगिक कंपार्टमेंट परीक्षाएं 16 और 17 जुलाई को आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के लिए परीक्षकों की नियुक्ति क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा की जाएगी और पूरी प्रक्रिया जिला विद्यालय निरीक्षक की देखरेख में निर्धारित राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कराई जाएगी।
बोर्ड ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने स्तर पर संपर्क स्थापित करें और परीक्षा से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करें। साथ ही आंतरिक मूल्यांकन एवं प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक 20 जुलाई तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
