नमो घाट से अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह की शुरुआत, योग के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश

नमो घाट से अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह की शुरुआत, योग के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश

वाराणसी (रणभेरी): आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को नमो घाट पर अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जिसके माध्यम से लोगों को बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य संरक्षण के लिए योग के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सरकार के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हंसराज विश्वकर्मा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वाराणसी प्रखर कुमार सिंह ने की।

समारोह में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत अतिथियों ने योग सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।

नमो घाट से अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह की शुरुआत, योग के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश

इसके बाद नमो घाट का वातावरण योगमय हो गया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित महिलाओं, पुरुषों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने प्रशिक्षित योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। गंगा तट पर आयोजित इस सामूहिक योग सत्र ने लोगों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज पूरी दुनिया में सम्मान के साथ अपनाई जा रही है और देश योग के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपनी सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत कर रहा है।

विशिष्ट अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर सामने आया है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने कहा कि योग सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, योग शिविर और सामूहिक अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें।

नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनसहभागिता उत्साहपूर्ण रही। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

योग सप्ताह के शुभारंभ के साथ ही वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के लाभों से जोड़ने का अभियान जारी रहेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *