वाराणसी कचहरी में अजीबो-गरीब घटना: जज की कुर्सी पर बैठी महिला, बोली-‘मैं ही आज जज हूं’

वाराणसी कचहरी में अजीबो-गरीब घटना: जज की कुर्सी पर बैठी महिला, बोली-‘मैं ही आज जज हूं’

वाराणसी (रणभेरी): जिला कचहरी परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय अजीब स्थिति बन गई जब एक महिला अचानक कोर्ट रूम में पहुंचकर जिला जज की कुर्सी पर बैठ गई और खुद को जज बताते हुए कार्यवाही शुरू करने जैसी हरकत करने लगी। इस घटना से कोर्ट परिसर में मौजूद वकील और कर्मचारी हैरान रह गए।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे कचहरी में नियमित कामकाज शुरू हो रहा था और सुनवाई से जुड़ी फाइलें रखी जा रही थीं। इसी दौरान शिवपुर क्षेत्र की रहने वाली वंदना गुप्ता (उम्र करीब 50 वर्ष) कोर्ट परिसर में दाखिल हुईं और सीधे जज के डायस तक पहुंच गईं।

महिला ने जज की कुर्सी पर बैठते ही टेबल पर रखा हैमर उठा लिया और उसे पटकते हुए जोर-जोर से “ऑर्डर-ऑर्डर” बोलने लगी। उसने मौजूद वकीलों से कहा कि आज वह ही जज है और सभी लोग अपने-अपने गवाह और सबूत पेश करें। साथ ही उसने यह भी कहा कि आज सभी मामलों की सुनवाई वही करेगी और जो भी काम हो उसे सीधे बताया जाए।

इस दौरान कोर्ट में मौजूद वकील और कर्मचारी अचानक हुए इस घटनाक्रम से स्तब्ध रह गए। कुछ वकीलों ने जब मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो महिला भड़क गई और विरोध जताने लगी। इसके बाद वकीलों ने उसे कुर्सी से हटने के लिए कहा, लेकिन वह काफी देर तक वहीं बैठी रही।

सूत्रों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब जिला जज अवकाश पर थे। महिला ने पहले जज के आने का समय भी पूछा था, जिसके बाद वह सीधे डायस पर पहुंच गई।

वाराणसी कचहरी में अजीबो-गरीब घटना: जज की कुर्सी पर बैठी महिला, बोली-‘मैं ही आज जज हूं’

स्थिति बिगड़ने पर कई वकील मौके पर पहुंचे और महिला को समझाकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इस दौरान वकीलों और महिला के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बताया जा रहा है कि महिला ने पास आने वाले लोगों को धमकी भी दी।

इसके बाद मौके पर महिला पुलिस बल को बुलाया गया। पुलिस ने काफी समझाने के बाद महिला को जज की कुर्सी से नीचे उतारा और हिरासत में लेकर कैंट थाने ले गई। पूरा घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चला।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर जिला जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति पर गंभीर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।

इसके साथ ही न्यायालय प्रशासन ने सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा और कड़ी करने तथा संबंधित महिला को कचहरी परिसर में प्रवेश न देने के निर्देश जारी किए हैं।

वकीलों के अनुसार, महिला का किसी भी लंबित मामले से संबंध नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह पहले भी कई बार कोर्ट परिसर में इसी तरह की हरकत कर चुकी है।

फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और उसके व्यवहार के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि यह हरकत किस वजह से की गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *