जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी
वाराणसी (रणभेरी): शुक्रवार तड़के हुई तेज आंधी और बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। कच्चीबाग वार्ड स्थित आजाद पार्क क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया, जिससे पूरा इलाका तालाब जैसा नजर आने लगा। सड़कों और गलियों में जमा पानी के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पानी भरने से वाहन चालकों को रास्ता बदलना पड़ा, जबकि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है और हर बारिश के बाद इलाके की यही स्थिति हो जाती है। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा जल निकासी और नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं देता। बारिश रुकने के बाद सड़कों पर कीचड़ और गंदगी फैल गई, जिससे आसपास के लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
निवासियों ने बताया कि इलाके में समुचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी देर की बारिश में ही जलभराव हो जाता है। बरसात के मौसम में यह स्थिति संक्रामक बीमारियों के खतरे को भी बढ़ा देती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से नालों की नियमित सफाई, सड़कों की मरम्मत और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
