- दो किलोमीटर तक थम गया यातायात, जलभराव और ट्रैफिक दबाव ने बिगाड़ी व्यवस्था
- चार घंटे बाद मिली राहत, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
वाराणसी (रणभेरी): शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की यातायात और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। मंडुवाडीह चौराहे से भिखारीपुर तिराहे तक करीब दो किलोमीटर लंबे जाम ने सुबह से दोपहर तक लोगों को बेहाल कर दिया। सड़क पर हुए जलभराव के कारण पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहनों को बीच सड़क से गुजरना पड़ा, जिससे एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई और धीरे-धीरे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सुबह सात बजे के बाद दफ्तर और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई। बनारस स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन के साथ ऑटो और ई-रिक्शा की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात लगभग ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई स्थानों पर ऑटो चालकों द्वारा सड़क पर ही वाहन रोककर सवारी बैठाने से जाम और गंभीर हो गया। पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों को यातायात सुचारु करने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद दोपहर तक स्थिति सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष बरसात में यही हालात बनते हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और मजबूत ट्रैफिक प्रबंधन की मांग की। बारिश के बाद शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव और जाम की स्थिति ने एक बार फिर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त की जाए तो ऐसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
