काजीसराय ओवरब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा, डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल

काजीसराय ओवरब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा, डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल

वाराणसी (रणभेरी): बाबतपुर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरहुआ पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत काजीसराय ओवरब्रिज के समीप तेज रफ्तार डीसीएम वाहन आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय बाबतपुर की ओर से आ रही दवा लदी डीसीएम अचानक अनियंत्रित होकर कंटेनर में पीछे से टकरा गई। बताया जा रहा है कि चालक को चलते समय नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद डीसीएम का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस और हरहुआ चौकी की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। चालक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस और ग्रामीणों ने गैस कटर समेत अन्य उपकरणों की मदद से करीब ढाई से तीन घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। लंबे प्रयास के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

घायल चालक की पहचान 56 वर्षीय ओमप्रकाश मिश्रा निवासी पुराहेमु नौपेडवा थाना बक्सा जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। वह लखनऊ से दवाइयों की खेप लेकर मिर्जापुर जनपद के अहरौरा जा रहे थे। हादसे में उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

रेस्क्यू के बाद घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काजीसराय ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध है और ज्यादातर वाहन सर्विस रोड का इस्तेमाल करते हैं। कंटेनर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था, तभी पीछे से तेज गति में आई डीसीएम उससे जा टकराई। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *