गंगा दशहरा पर मातम: गंगा स्नान के दौरान किशोर समेत तीन युवकों की डूबकर मौत

गंगा दशहरा पर मातम: गंगा स्नान के दौरान किशोर समेत तीन युवकों की डूबकर मौत

वाराणसी (रणभेरी): गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जहां एक ओर श्रद्धालु बड़ी संख्या में गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे, वहीं दूसरी ओर कई परिवारों के लिए यह पर्व जिंदगीभर का दर्द बन गया। आदमपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग घाटों पर मंगलवार सुबह स्नान के दौरान किशोर समेत तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसों के बाद घाटों पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

भैसासुर घाट पर युवक की गई जान

पहली घटना आदमपुर क्षेत्र के भैसासुर घाट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय अभिषेक अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने वाराणसी आया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

12 वर्षीय बालक की भी डूबने से मौत

इसी घाट पर दूसरा हादसा कोनिया निवासी 12 वर्षीय इवान के साथ हुआ। बताया जा रहा है कि इवान अपने परिवार के साथ गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह पानी की तेज धारा और गहराई में फंस गया। परिजनों के शोर मचाने पर गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद बालक को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे बचाया नहीं जा सका।

सक्का घाट पर युवक की डूबने से मौत

तीसरी घटना सक्का घाट पर सामने आई। गोंडा जिले के भाटपुरवा निवासी 24 वर्षीय हरिओम सिंह सुबह गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गए। घाट पर मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

घाटों पर मचा कोहराम

एक ही दिन में तीन लोगों की मौत की खबर से घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिवार के लोग अपने सामने ही अपनों को पानी में डूबता देख बेबस नजर आए।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

घटनाओं की सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घाटों पर लगातार अनाउंसमेंट कराया जा रहा था कि श्रद्धालु बैरिकेडिंग और जेटी के बाहर न जाएं, लेकिन इसके बावजूद लोग गहरे पानी की ओर चले जाते हैं, जिससे हादसे हो रहे हैं।

तालाब में डूबने से युवक की मौत

इधर चोलापुर थाना क्षेत्र के औरा गांव में भी मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 26 वर्षीय प्रेमचंद्र अग्रहरि अमृत सरोवर में स्नान करने गए थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक बाहर न आने पर आसपास मौजूद लोगों ने खोजबीन शुरू की। बाद में उनका शव तालाब से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मृतक के बड़े भाई रामचंदर अग्रहरि ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

प्रशासन की अपील

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि स्नान के दौरान सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षा सीमा के भीतर ही रहें। घाटों पर गोताखोरों और पुलिसकर्मियों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *