चोपन में सड़क हादसा: एंबुलेंस में देरी से एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

चोपन में सड़क हादसा: एंबुलेंस में देरी से एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

वाराणसी (रणभेरी) : चोपन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। तेलगुड़वा और नवटलिया गांव के बीच अनियंत्रित होकर बाइक गड्ढे में गिरने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण दोनों घायल काफी देर तक सड़क किनारे तड़पते रहे। बाद में इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जोखनागड़ी कोटा गांव निवासी 28 वर्षीय रामसजीवन उर्फ बबलू गोंड पुत्र धर्मू सिंह गोंड और 25 वर्षीय मनोज उर्फ गुड्डू कुमार पुत्र गुलाब सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे बाइक से तेलगुड़वा से कोटा की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक तेलगुड़वा और नवटलिया के बीच पहुंची, सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे के पास वाहन अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार में बाइक सीधे गड्ढे में जा गिरी, जिससे दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डायल 112 पुलिस टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन एंबुलेंस आने में काफी समय लग गया। इस बीच दोनों घायल दर्द से कराहते हुए सड़क किनारे पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर मदद करने की कोशिश की, लेकिन पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई।

काफी इंतजार के बाद जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची तो पुलिस और ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा गया।

बताया जा रहा है कि वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही मनोज उर्फ गुड्डू कुमार ने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह कोटा ग्राम प्रधान प्रह्लाद चेरो ने फोन के माध्यम से पुलिस को युवक की मौत की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं दूसरे घायल रामसजीवन उर्फ बबलू गोंड का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है और सड़क किनारे बने गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। साथ ही लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की धीमी कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की स्थिति सुधारने और एंबुलेंस सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं में समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *