वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर दर्दनाक हादसा : कार की टक्कर से सड़क पर गिरा युवक, पीछे से आए ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर दर्दनाक हादसा : कार की टक्कर से सड़क पर गिरा युवक, पीछे से आए ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोग सन्न रह गए। टक्कर मारने के बाद कार और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के कछवा थाना क्षेत्र स्थित बरैनी गांव निवासी मयंक कुमार सिंह उर्फ सोनू (37 वर्ष) शनिवार सुबह रोज की तरह बाइक से वाराणसी स्थित अपनी कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह मिर्जामुराद क्षेत्र के लालपुर चट्टी के समीप पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगते ही मयंक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और हाईवे के बीचों-बीच जा पहुंचे। वह संभल पाते, उससे पहले पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर वाराणसी की ओर फरार हो गया। दुर्घटना इतनी दर्दनाक थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई और हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।

सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को सड़क से हटवाया और यातायात को दोबारा सुचारू कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर दर्दनाक हादसा : कार की टक्कर से सड़क पर गिरा युवक, पीछे से आए ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

परिवार में मचा कोहराम

पुलिस द्वारा मृतक की पहचान होने के बाद जैसे ही घटना की सूचना परिजनों को दी गई, परिवार में मातम छा गया। परिजन रोते-बिलखते वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि मयंक कुमार सिंह एक निजी कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। करीब एक वर्ष पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और चार माह का मासूम बेटा है। बेटे के सिर से पिता का साया उठने के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है।

मृतक के पिता फतेहबहादुर सिंह सेवानिवृत्त मार्केट इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं। गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले को लेकर मिर्जामुराद थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात कार और ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना में शामिल वाहनों की पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन चालकों का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *