टूटे खंभे के सहारे ही हो रही सप्लाई, एनएच-19 किनारे द्वारका पुरम कॉलोनी मोड़ पर कई दिनों से बना है गंभीर खतरा
वाराणसी (रणभेरी): डाफी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 के किनारे स्थित द्वारका पुरम कॉलोनी मोड़ के पास टूटा पड़ा बिजली का खंभा स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरे का कारण बन गया है। सीमेंट का यह पोल बीच से क्षतिग्रस्त है, बावजूद इसके इसी के सहारे आसपास की कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति जारी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार डाफी अंडरपास के समीप यह खंभा कई दिनों से टूटा पड़ा है और करीब सौ से अधिक घरों को इसी के जरिए बिजली सप्लाई दी जा रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
यह स्थान एनएच-19 के सर्विस रोड और कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। पास में बस स्टैंड होने से यात्रियों की भीड़ रहती है, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है। आसपास दुकानों और रिहायशी इलाकों की मौजूदगी के कारण यह इलाका अत्यंत व्यस्त रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
दुकानदार अतुल पांडेय, श्याम बिहारी सिंह और अन्य निवासियों ने बताया कि टूटे पोल के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कॉलोनी में बच्चों और महिलाओं की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि डाफी उपकेंद्र के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन जेई का फोन नहीं लग रहा। वहीं अधिकारियों ने जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
