एयरपोर्ट टनल निर्माण से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

एयरपोर्ट टनल निर्माण से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

25 मीटर की दूरी बनी मुसीबत, तीन किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाने को मजबूर ग्रामीण

वाराणसी (रणभेरी): बाबतपुर क्षेत्र में एयरपोर्ट विस्तारीकरण योजना के तहत चल रहे टनल निर्माण कार्य ने आसपास के गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य सड़क को जोड़ने वाला पुराना मार्ग निर्माण कार्य के चलते काट दिया गया, लेकिन अब तक कोई वैकल्पिक सर्विस लेन तैयार नहीं की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार गांव और मुख्य सड़क के बीच लगभग 25 मीटर हिस्से की सड़क को खोद दिया गया है। इसके कारण केवल तीन फीट चौड़ा अस्थायी रास्ता बचा है, जिस पर लोग जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर हैं। इस मार्ग से बाइक और साइकिल किसी तरह निकल रही हैं, जबकि हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले मुख्य सड़क तक पहुंचने में कुछ ही मिनट लगते थे, लेकिन अब 25 मीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग तीन किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों अनूप कुमार वर्मा और किरण पांडे ने बताया कि कई गांव इस समस्या से प्रभावित हैं और महीनों से लोग परेशान हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों में प्रशासन और निर्माण एजेंसी के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *