10 दिवसीय ताइक्वांडो शिविर संपन्न, बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सीखाकर किया सम्मानित

10 दिवसीय ताइक्वांडो शिविर संपन्न, बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सीखाकर किया सम्मानित

वाराणसी (रणभेरी): शहर में महिलाओं और बच्चों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर का समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ। शिव शक्ति सेवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों और किशोरियों ने भाग लिया। समापन समारोह के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

शिविर में लगभग 100 बच्चों को आर्या मार्शल आर्ट क्लब के प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सत्यजीत विश्वकर्मा ने ताइक्वांडो की बारीकियां सिखाईं। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को आत्मरक्षा के विभिन्न तकनीकी कौशल, मानसिक संतुलन, अनुशासन और आत्मविश्वास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षक ने बताया कि आज के समय में मार्शल आर्ट केवल खेल नहीं बल्कि आत्मसुरक्षा का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

10 दिवसीय ताइक्वांडो शिविर संपन्न, बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सीखाकर किया सम्मानित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की संस्थापिका प्रीति रवि जायसवाल ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत बेटियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण बेहद जरूरी हो गया है। संस्था लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बच्चियों को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने भी बच्चों और अभिभावकों को जागरूक किया। सब इंस्पेक्टर अंकीता सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान दौर में महिलाओं और बच्चों के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत भी बनाते हैं।

10 दिवसीय ताइक्वांडो शिविर संपन्न, बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सीखाकर किया सम्मानित

समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त सभी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रमाण पत्र पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

10 दिवसीय ताइक्वांडो शिविर संपन्न, बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सीखाकर किया सम्मानित

इस दौरान संस्था के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने मातृशक्ति के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण, खेलकूद और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियान लगातार चलाने का संकल्प दोहराया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *