जेठ की तपिश पर भारी पड़ी आस्था, बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जेठ की तपिश पर भारी पड़ी आस्था, बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

वाराणसी (रणभेरी): धर्म और अध्यात्म की नगरी वाराणसी में जेठ की प्रचंड गर्मी के बीच भी शिवभक्तों की आस्था अपने चरम पर दिखाई दे रही है। सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालात ऐसे रहे कि श्रद्धालुओं की लाइन लगभग एक किलोमीटर तक फैली रही।

भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। शहर का तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, लेकिन बाबा विश्वनाथ के दर्शन की चाह में लोग घंटों लाइन में खड़े रहे। श्रद्धालुओं का कहना था कि “बाबा के बुलावे के आगे गर्मी और कठिनाई मायने नहीं रखती।”

छुट्टियों में धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ा रुख

गर्मी की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में परिवार धार्मिक यात्रा पर निकले हुए हैं। मंदिर में दर्शन करने पहुंचे कई श्रद्धालुओं ने बताया कि बच्चों की छुट्टियां होने के कारण उन्होंने इस समय को धार्मिक और सांस्कृतिक यात्रा के लिए चुना है। कई परिवार अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी के प्रमुख मंदिरों के दर्शन का कार्यक्रम बनाकर आए हैं।

मध्य प्रदेश से अपने परिवार के साथ आईं एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से परिचित कराने के उद्देश्य से काशी लाई हैं। उनका कहना था कि नई पीढ़ी को मंदिरों की महत्ता और धार्मिक विरासत के बारे में जानकारी देना जरूरी है, ताकि उनका जुाव अपनी संस्कृति से बना रहे।

जेठ की तपिश पर भारी पड़ी आस्था, बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

दर्शन व्यवस्था को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया

मंदिर परिसर में भारी भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा। दिल्ली से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि उन्हें दर्शन के लिए करीब एक घंटे से अधिक समय तक कतार में खड़ा रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बीच में लाइन तोड़कर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था को और सख्त बनाने की मांग की।

हालांकि कई श्रद्धालुओं ने यह भी कहा कि बाबा के दरबार में लाइन लगाकर दर्शन करने का अनुभव अपने आप में आध्यात्मिक संतोष देने वाला होता है। भक्तों का मानना है कि धैर्य और श्रद्धा के साथ इंतजार करना भी भक्ति का हिस्सा है।

तेज गर्मी और लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए मंदिर परिसर और कतार वाले क्षेत्रों में बड़े शेड लगाए गए हैं। जगह-जगह पंखे, कूलर और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मेडिकल सहायता और स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात की गई है, जो श्रद्धालुओं की मदद कर रही है।

श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए विशेष इंतजाम

भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने चार अलग-अलग द्वारों से प्रवेश की व्यवस्था लागू की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ती है तो आवश्यकता पड़ने पर मंदिर के सभी प्रवेश द्वार खोल दिए जाएंगे।

  • प्रशासन पूरी तरह सतर्क

मंदिर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक तेजी आई है। इसे देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं दोनों को मजबूत किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।

इसके साथ ही मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। सुगम दर्शन और विशेष आरती सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य किया गया है। बिना पहचान पत्र के इन विशेष व्यवस्थाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा।

आस्था के आगे फीकी पड़ी गर्मी

जेठ की तपती दोपहर, चिलचिलाती धूप और उमस भरे मौसम के बीच भी बाबा विश्वनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था अटूट दिखाई दी। कोई परिवार के साथ दर्शन के लिए आया था तो कोई मनोकामना लेकर। हर चेहरे पर बस एक ही इच्छा दिखाई दी – बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करना।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *