तीन घंटे की मशक्कत के बाद पांच दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
वाराणसी (रणभेरी): भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के वर्कशॉप परिसर में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग यूनिट और स्क्रैप गोदाम में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया और आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग भोर करीब तीन बजे लगी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और धुआं लगभग 500 मीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में ट्रांसफॉर्मर का तेल, कॉपर वायर तथा अन्य स्क्रैप सामग्री जलकर राख हो गई। इससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय निवासी गोपाल श्रीवास्तव और अभिषेक सिंह ने बताया कि आग का दृश्य बेहद भयावह था। धुएं और तेज गंध के कारण लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक बिजली विभाग की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
