(रणभेरी): ज्येष्ठ मास के पहले बड़े मंगल के अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में मंगलवार को आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में पहुंचने लगी और दिनभर परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा।
मंदिर परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर में अर्चकों द्वारा निरंतर पाठ और पूजन-अर्चन का क्रम चलता रहा। भक्तों को प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए गए, जिससे वातावरण और भी भक्तिमय हो उठा। सुहावने मौसम ने श्रद्धालुओं की सुविधा में और इजाफा किया, जिससे वे बिना किसी कठिनाई के मंदिर परिसर में बैठकर दर्शन का आनंद लेते रहे।
धूप न निकलने के कारण दर्शनार्थियों को परिसर में भ्रमण और विश्राम का पर्याप्त अवसर मिला। मंदिर के सभी प्रमुख मंडपों और देवालयों के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं का आवागमन और अधिक बढ़ गया तथा पूरे परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
इस बार बड़े मंगल का आयोजन राम मंदिर परिसर में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को हनुमानजी के प्रिय लड्डू का प्रसाद भी प्रदान किया गया। जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र संवाद केंद्र की ओर से दी गई।
नगर के विभिन्न हिस्सों में भी भंडारों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। राम मंदिर में दर्शन के उपरांत श्रद्धालु हनुमान मंदिर भी पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की।
पूरे परिसर में आए भक्त राम मंदिर की भव्यता और दिव्यता को निहारते नजर आए। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम का विशेष और आकर्षक श्रृंगार भी किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
