घोसी क्षेत्र के लखनी मुबारकपुर गांव में शनिवार सुबह हड़कंप, डेढ़ घंटे चला ड्रामा, दोनों परिवारों की सहमति के बाद मामला शांत
(रणभेरी): कोतवाली क्षेत्र के लखनी मुबारकपुर गांव में शनिवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब एक युवती अपने प्रेम संबंध को लेकर चल रहे विवाद के बीच मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती का कहना था कि जब तक उसके प्रेमी से शादी के लिए परिवार की सहमति नहीं मिलती, वह नीचे नहीं उतरेगी। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने युवती को टावर पर बैठे देखा और तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने दोनों पक्षों—युवती के प्रेमी और उसके परिजनों—को भी मौके पर बुलाकर बातचीत कराई।
करीब डेढ़ घंटे तक चली समझाइश के बाद पुलिस की मध्यस्थता से दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से विवाह पर विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद युवती ने टावर से नीचे उतरने की सहमति दी, जिससे प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने सुरक्षित तरीके से युवती को नीचे उतारा और उसे परिजनों के साथ थाने ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है ताकि मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके और किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण को आपसी सहमति से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
