शादी समारोह में चली हर्ष फायरिंग बनी हादसे की वजह, 10 वर्षीय बच्चे की मौत

शादी समारोह में चली हर्ष फायरिंग बनी हादसे की वजह, 10 वर्षीय बच्चे की मौत

(रणभेरी): सदर कोतवाली क्षेत्र के गंगा शिवपुर दियर स्थित पांडेय डेरा में शुक्रवार रात एक शादी समारोह उस समय दुखद घटना में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली लगने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पीयूष यादव (पुत्र संजय यादव) के रूप में हुई है, जो अपने पिता के साथ बारात में शामिल होने गया था।

जानकारी के अनुसार, रात लगभग 10:15 बजे विवाह समारोह के दौरान कुछ लोगों द्वारा उत्साह में फायरिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक चली एक गोली मासूम पीयूष को जा लगी, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मौजूद लोग तुरंत बच्चे को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति मृतक का ही एक रिश्तेदार है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

उन्होंने आगे बताया कि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *